हर मोर्चे पर मुस्तैद पुलिस: अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2 तस्कर गिरफ्तार, बोलेरो समेत 72 बॉटल बियर जप्त

जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए जबलपुर पुलिस लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
मुखबिर सूचना पर त्वरित एक्शन
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन के मार्गदर्शन में गढ़ा थाना पुलिस को 11 अप्रैल की शाम विश्वसनीय सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए देवताल क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।

देवताल में घेराबंदी कर पकड़े आरोपी
देवताल स्थित रामायण मंदिर के पास संदिग्ध बोलेरो (एमपी 13 जेड व्ही 0368) को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार अमन सोनी (26) निवासी शीतलामाई घमापुर और अर्जुन सोनी (33) निवासी ककरैया तलैया गोरखपुर को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

वाहन से भारी मात्रा में बियर बरामद
तलाशी के दौरान बोलेरो से 6 पेटियों में भरी 72 बॉटल बियर बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 46,800 रुपये आंकी गई। पूछताछ में आरोपियों ने शराब को त्रिपुरी शराब दुकान से लाकर परिवहन करना स्वीकार किया।

प्रकरण दर्ज, नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब की पूरी खेप और बोलेरो वाहन जप्त कर लिया तथा आरोपियों के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। साथ ही संबंधित शराब दुकान से जुड़े लोगों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

त्रिपुरी चौक पर सख्ती, शिफ्टवार पुलिस तैनात
त्रिपुरी चौक क्षेत्र से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ाते हुए शिफ्टवार पुलिस बल तैनात कर दिया है, जिससे अवैध शराबखोरी और तस्करी पर प्रभावी रूप से रोक लगा दी गई है।

टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक योगेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक नीरज, आरक्षक शैलेन्द्र पाटकर, महिला आरक्षक पूनम दुबे एवं चालक आरक्षक राजेश्वर मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही।

जीरो टॉलरेंस का संदेश
लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से जबलपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।







