वाशिंग मशीन में छिपाकर रखी थी 7 लाख की चरस, क्राइम ब्रांच ने गिरोह का किया भंडाफोड़

वाशिंग मशीन में छिपाकर रखी थी 7 लाख की चरस, क्राइम ब्रांच ने गिरोह का किया भंडाफोड़
तीन आरोपी गिरफ्तार, 1.6 किलो चरस और तौल कांटा बरामद
भोपाल, यशभारत। राजधानी में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक महिला समेत तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1.630 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है। शातिर तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए चरस के पैकेट वाशिंग मशीन के ड्रायर में छिपाकर रखे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर एमपी नगर जोन-1 स्थित गायत्री मंदिर के पास घेराबंदी की। वहां एक्टिवा सवार मंजूर मोहम्मद खान को दबोचा गया। तलाशी में उसके पास से 126 ग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में मंजूर ने खुलासा किया कि उसने यह माल शाहजहानाबाद निवासी नौशीन खान से खरीदा है।
वाशिंग मशीन से निकले चरस के पैकेट
मंजूर की निशानदेही पर क्राइम ब्रांच की टीम ने शाहजहानाबाद स्थित नौशीन खान के घर दबिश दी। पुलिस टीम उस वक्त हैरान रह गई जब घर की सघन तलाशी के दौरान वाशिंग मशीन के ड्रायर से एक काले बैग में रखे चरस के 7 पैकेट कुल 1.501 किलोग्राम बरामद हुए। मौके से पुलिस ने नौशीन खान और उसके पति जावेद खान को गिरफ्तार किया।
बाहर से आता था माल, पत्नी करती थी रिटेल सप्लाई
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जावेद खान बाहरी राज्यों या तस्करों से थोक में चरस लेकर आता था। उसकी पत्नी नौशीन अपने घर से इसे फुटकर ग्राहकों को बेचती थी। पुलिस ने इनके पास से एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, दो मोबाइल और एक एक्टिवा भी जप्त की है।







