12 दिन बाद भी 30 हजार कर्मचारियों को नहीं मिला वेतन, नई व्यवस्था बनी वजह
भू-अभिलेख विभाग में पुनर्गठन के बाद भुगतान प्रक्रिया अटकी

जबलपुर, यश भारत । भू-अभिलेख विभाग में हाल ही में लागू किए गए पुनर्गठन और नई संयुक्त व्यवस्था के चलते कर्मचारियों को वेतन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। आदेश जारी होने के करीब 12 दिन बाद भी प्रदेशभर के लगभग 30 हजार कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल सका है, जिससे उनमें असंतोष बढ़ता जा रहा है। 23 मार्च 2026 को जारी आदेश के तहत विभागीय ढांचे में व्यापक बदलाव करते हुए विभिन्न संवगों के पदों का समायोजन किया गया है। जिला स्तर पर डीएलआर (DDO) कार्यालयों में सहायक ग्रेड-1, ग्रेड-2, ग्रेड-3 सहित अन्य पदों को समाहित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही राजस्व निरीक्षक और अन्य शाखाओं के कर्मचारियों को कलेक्टर कार्यालय के अधीन लाने की प्रक्रिया भी जारी है।
नई व्यवस्था लागू होने के कारण वेतन आहरण की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। कर्मचारियों के वेतन बिल, डाटा अपडेट और डीडीओ परिवर्तन समय पर पूरा नहीं हो पाने से भुगतान अटक गया है। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन में हो रही देरी से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं को दूर करने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही वेतन भुगतान शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि फिलहाल स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।







