दुष्कर्म पीड़िता ने दिया नवजात शिशु को जन्म, आरोपी पर एफआईआर

जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक किशोरी के साथ लंबे समय तक दुराचार किया गया। इस बीच पीड़िता गर्भवती हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसने नवजात शिशु को जन्म दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पाटन निवासी आशीष माल्लाह ने अपने ही गाँव की एक 15 वर्ष किशोरी को प्रेम जाल में फंसाया था। आरोपी ने किशोरी को शादी का भरोसा दिलाया और इसी झांसे में रखकर वह लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान किशोरी गर्भवती हो गई, लेकिन लोक-लाज के डर से मामला दबा रहा।
जब उसकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई तो परिजन उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहाँ डॉक्टरों को परीक्षण के दौरान किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी मिली। परिजनों ने जब आधार कार्ड प्रस्तुत किया जिसमें वे नाबालिग पाई गई। जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना पाटन पुलिस को दी इसी बीच पीड़िता ने एक शिशु को जन्म दिया। सूचना मिलते ही पाटन पुलिस की टीम मेडिकल कॉलेज पहुँची। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए, पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी आशीष माल्लाह के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।







