भोपाल

तीन साल से गड्ढों में फंसा नियामतपुरा मार्ग  – 3 लाख की स्वीकृति के बाद भी 100 मीटर सडक़ का निर्माण शुरू नही

तीन साल से गड्ढों में फंसा नियामतपुरा मार्ग
– 3 लाख की स्वीकृति के बाद भी 100 मीटर सडक़ का निर्माण शुरू नही
भोपाल, यश भारत। राजधानी के नियामतपुरा तिराहे से प्रिंस कॉलोनी होते हुए अदालत की ओर जाने वाला करीब 100 मीटर लंबा सडक़ का टुकड़ा पिछले तीन वर्षों से बदहाल स्थिति में पड़ा है। सडक़ निर्माण के लिए करीब 3 लाख रुपए की राशि स्वीकृत होने के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है। खराब सडक़ और गड्ढों के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय रहवासियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सडक़ लंबे समय से जर्जर हालत में है और जगह-जगह गहरे गड्ढे हो चुके हैं। बारिश के दौरान यहां जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे गड्ढे दिखाई नहीं देते और दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है।
राहगीरों के अनुसार सडक़ पर एक तीखा मोड़ भी है, जहां गड्ढों और फिसलन के कारण वाहन चालक कई बार अनियंत्रित हो जाते हैं। दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। इसके बावजूद अब तक जिम्मेदार विभाग द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि सडक़ निर्माण को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। स्थानीय लोगों के अनुसार सडक़ की खराब हालत के कारण बच्चों, बुजुर्गों और स्कूली छात्रों को भी रोजाना जोखिम उठाकर गुजरना पड़ता है।
इस मामले में पार्षद प्रतिनिधि जहीर खान का कहना है कि सडक़ निर्माण के लिए तीन लाख रुपए की राशि स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि काम शुरू कराने के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार से चर्चा की जा चुकी है, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले को दोबारा अधिकारियों के सामने उठाया जाएगा और निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। उधर क्षेत्र के रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सडक़ निर्माण शुरू नहीं किया गया तो वे प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button