भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में पेयजल व्यवस्था पर फोकस 137 सैंपल जांच, 52 लीकेज सुधारे, शिकायतों का त्वरित निराकरण पानी के गंध,रंग और स्वाद की भी जांच

भोपाल में पेयजल व्यवस्था पर फोकस 137 सैंपल जांच, 52 लीकेज सुधारे, शिकायतों का त्वरित निराकरण

पानी के गंध,रंग और स्वाद की भी जांच 

भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल में नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने व्यापक स्तर पर अभियान तेज कर दिया है। जल गुणवत्ता परीक्षण पाइपलाइन लीकेज सुधार और शिकायतों के त्वरित निराकरण के जरिए निगम लगातार व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा है। सोमवार को विशेष अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों और झुग्गी बस्तियों से 137 स्थानों से पानी के नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों की जांच नगर निगम की आठ प्रयोगशालाओं में की जा रही है। जांच प्रक्रिया में पानी के गंध, रंग, स्वाद, रेसिडुअल क्लोरीन, पीएच स्तर, टरबिडिटी और बैक्टीरिया की मौजूदगी जैसे महत्वपूर्ण मानकों का परीक्षण शामिल है। इसके साथ ही निगम की टीमों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में पाइपलाइन के 52 लीकेज को भी दुरुस्त किया जिससे जल बर्बादी पर रोक लगी और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार हुआ। वहीं सीएम हेल्पलाइन और महापौर हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त तीन शिकायतों का भी त्वरित और संतोषजनक निराकरण किया गया। नगर निगम के अनुसार, अब तक शहर में झुग्गी बस्ती क्षेत्रों सहित कुल 15 हजार 679 स्थानों से जल नमूने लिए जा चुके हैं। साथ ही 3659 लीकेज सुधारने और 10 हजार 721 सीवेज चैंबरों की सफाई का कार्य भी पूरा किया गया है। निगम अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि नागरिकों को बेहतर जल गुणवत्ता और सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button