खनन माफिया कुठला पुलिस की गिरफ्त में, अवैध उत्खनन की शिकायत पर आदिवासी परिवार के साथ की थी मारपीट, आरोपियों में भाजपा नेता भी शामिल

कटनी, यशभारत। कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत कन्हवारा में अवैध उत्खनन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में पोस्ट करने के बाद बौखलाए खनन माफिया दीपक परिहार ने भाजपा नेता लखन साहू एवं अन्य लोगों के साथ मिलकर आदिवासी परिवारों के घर में घुसकर मारपीट की थी। आरोपी घटना के बाद से ही फरार थे, जिन्हें कुठला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिय है। कुठला टीआई ने बताया कि 15 मार्च को ग्राम कन्हवारा निवासी सुखदेव कोल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके गांव की महिलाएं जंगल में लकड़ी लेने जाती हैं, जिन्हें फॉरेस्ट कर्मियों द्वारा रोका जाता है, जबकि वहीं मुरुम की खुदाई हो रही थी। जिस पर उसने एवं गोरेलाल कोल ने खुदाई का वीडियो बनाकर फॉरेस्ट कर्मियों को दिया था तथा सोशल मीडिया पर भी अपलोड किया था। वीडियो वायरल होने के बाद 14 मार्च की रात दीपक परिहार अपने साथियों के साथ पहुंचा, जहां गुड्डा दाहिया के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। इसके पश्चात उसके घर पहुंचे, जहां दीपक, उसका ड्राइवर अभिषेक पटेल, भाजपा नेता लखन साहू एवं अन्य 5-6 साथियों ने मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया। घटना के बाद आरोपी गोरेलाल कोल के घर जाकर उसे जबरन बाहर ले गए तथा मुरुम खुदाई स्थल के पास ले जाकर उसके साथ भी गाली-गलौज एवं मारपीट की। इस मामले में पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध किया। घटना के आरोपी दीपक सिंह परिहार निवासी जटवारा, अभिषेक पटेल निवासी जटवारा, लखन लाल साहू चाका, सुमित यादव निवासी चाका एवं पंचम आदिवासी निवासी जटवारा को गिरफ्तार किय गया है। घटना में प्रयुक्त वाहन महिन्द्रा एक्सयूव्ही 300 एमपी 21 जेडए 7479 को जप्त किया गया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय पेश किया गया जहाँ से आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। आरोपी दीपक सिंह परिहार के विरुद्ध पूर्व से 6 अपराध पंजीबद्ध है।







