सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) भोपाल की टीम और लखनादौन पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। टीम ने टोल प्लाजा के पास संदिग्ध वाहन की तलाशी लेकर करीब 114 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एनसीबी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ से मध्यप्रदेश की ओर भारी मात्रा में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। इसी आधार पर टीम ने लखनादौन क्षेत्र में घेराबंदी कर एक वाहन को टोल प्लाजा के पास रोका और उसकी सघन जांच की। तलाशी के दौरान पाया गया कि तस्करों ने गांजे को पेंट और डिस्टेंपर के डिब्बों में छिपाकर रखा था। डिब्बों के नीचे पैकेट इस तरह व्यवस्थित किए गए थे कि सामान्य जांच में पकड़ में आना मुश्किल था, लेकिन टीम की सतर्कता से पूरा मामला उजागर हो गया।
कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिनके नाम शेरा पिता सिद्दू पटेल 38 निवासी सागर,विश्वनाथ पिता रामप्रसाद रामटेक उम्र 36 निवासी कांकेर है। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि गांजे की यह खेप छत्तीसगढ़ से रायसेन जिले में सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। एनसीबी अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। लगातार निगरानी और सख्ती के चलते ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि रायसेन में यह खेप किसे पहुंचाई जानी थी।
फिलहाल पुलिस और एनसीबी की टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए गए हैं। लखनादौन थाना प्रभारी कीरत प्रसाद धुर्वे ने बताया कि मुखबिर से सूचना के बाद तस्करों को पकड़ा गया है पूछताछ में और भी खुलासे हो सकते हैं।
Back to top button