एमपी नगर में देर रात बीच सड़क पर भिड़ीं चार युवतियां

एमपी नगर में देर रात बीच सड़क पर भिड़ीं चार युवतियां
क्लब के बाहर जमकर चली लात-घूंसे; एक युवती गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके एमपी नगर जोन-2 में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नशे में धुत चार युवतियों ने बीच सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। मामला एमपी नगर स्थित क्लब के बाहर का है, जहां तड़के करीब 2:30 बजे युवतियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते यह हिंसक झड़प में बदल गया।
नशे में धुत थीं युवतियां, नियमों की उड़ी धज्जियां
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, चारों युवतियां क्लब में आयोजित एक पार्टी से बाहर निकली थीं और अत्यधिक नशे की हालत में थीं। सड़क पर ही उनके बीच गाली-गलौज शुरू हुई और फिर नौबत हाथापाई तक आ पहुंची। मारपीट इतनी भीषण थी कि सड़क पर ट्रैफिक रुक गया। इस झगड़े में एक युवती को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासनिक सुस्ती पर उठे सवाल
एमपी नगर जैसे संवेदनशील इलाके में रात 2:30 बजे तक शराब पार्टियां चलना और क्लबों का खुला रहना पुलिस प्रशासन पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जोन-2 में आए दिन देर रात तक नियमों की धज्जियां उड़ाई जाती हैं, लेकिन पुलिस की पेट्रोलिंग केवल कागजों तक सीमित है।







