पुलिस आयुक्त ने जनसंवाद कर जानीं पटेल नगर और मंगलवारा की समस्याएँ

पुलिस आयुक्त ने जनसंवाद कर जानीं पटेल नगर और मंगलवारा की समस्याएँ
अतिक्रमण और बदतमीजी करने वाले ऑटो चालकों पर होगी सख्ती, सीपी ने दिए व्हाइट लाइन पार्किंग के निर्देश
भोपाल, यशभारत। राजधानी में महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सजग भोपाल-सुरक्षित भोपाल अभियान के तहत पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने पटेल नगर और मंगलवारा क्षेत्र का दौरा किया। जनसंवाद के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से पुलिस कप्तान को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
सड़कों पर सामान रखने वालों की अब खैर नहीं
जनसंवाद में यह बात सामने आई कि पटेल नगर से लगे पटवा मार्केट में दुकानदारों द्वारा टाइल्स और ग्रेनाइट सड़क पर रख दिए जाते हैं। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं का अंदेशा भी बना रहता है। सीपी ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही, सब्जी मंडी चौराहे पर लेफ्ट टर्न को सुचारू बनाने के लिए बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए गए।
ऑटो चालकों की अभद्रता पर अंकुश
क्षेत्रीय नागरिकों ने शिकायत की कि सब्जी मंडी चौराहे पर लोडिंग ऑटो और रिक्शा चालक आम जनता के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। इस पर पुलिस आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अवैध पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए सड़कों पर व्हाइट लाइन खींचने के निर्देश दिए, ताकि वाहन एक व्यवस्थित क्रम में खड़े हो सकें।
अपराधों पर लगाम और जागरूकता की शपथ
वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस आयुक्त ने पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्धों पर नजर रखने की हिदायत दी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अवैधानिक गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 पर दें। साइबर ठगी से बचने के लिए अपनी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों और व्यापारियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







