तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, मैनिट के सफाईकर्मी की मौत; साढू की हालत नाजुक

तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, मैनिट के सफाईकर्मी की मौत; साढू की हालत नाजुक
भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक सड़क हादसा हो गया। रोहित नगर पुलिया के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे 45 वर्षीय राजेश की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठे साढू भाई गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
भाई के घर से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, कजलीखेड़ा निवासी राजेश (45) मैनिट परिसर के एक छात्रावास में साफ-सफाई का काम करते थे। मंगलवार रात वह अपने साढू भाई के साथ जाटखेड़ी स्थित अपने भाई के घर खाना खाने गए थे। रात करीब 1:30 बजे जब दोनों वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे, तभी रोहित नगर पुलिया के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार काफी दूर जाकर गिरे।
अस्पताल छोड़कर भागा आरोपी चालक
हादसे के बाद कार चालक ने घायल राजेश और उनके साढू को अपनी ही कार में लादकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही आरोपी चालक गिरफ्तारी के डर से अस्पताल में ही कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
शाहपुरा पुलिस ने सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर लिया है। बुधवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद राजेश का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल और अस्पताल परिसर से कार को जब्त कर लिया है। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक और चालक की पहचान की जा रही है।







