भोपालमध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंधी समाज को दी शुभकामनाएं, रवींद्र भवन में चेती चंद महोत्सव आयोजित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंधी समाज को दी शुभकामनाएं, रवींद्र भवन में चेती चंद महोत्सव आयोजित

झूलेलाल जयंती पर सीएम का संबोधन, सिंधी समाज की परंपरा का संगम 

भोपाल यश भारत। रवींद्र भवन में आयोजित झूलेलाल जयंती एवं चेती चंद महोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को चेती चंद, नववर्ष और नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल सिंधी समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में अलग अलग रूपों में नववर्ष के रूप में मनाया जाता है, जैसे गुड़ी पड़वा, विक्रम संवत और नवरोज।

मुख्यमंत्री ने सिंधी समाज की परंपराओं को समृद्ध और गौरवशाली बताते हुए भगवान झूलेलाल के माध्यम से जल और वरुण देव की उपासना की परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह परंपरा प्रकृति के प्रति आस्था और संतुलन का संदेश देती है।

अपने संबोधन में डॉ. यादव ने इतिहास में सिंधी समाज के योगदान को याद करते हुए राजा दाहिर सेन का उल्लेख किया, जिन्होंने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष किया। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में समाज के योगदान को रेखांकित करते हुए हेमू कलानी के बलिदान को नमन किया। उन्होंने विभाजन के समय सिंधी समाज के त्याग और संघर्ष को याद करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद समाज ने अपनी मेहनत और संकल्प से नई पहचान बनाई। व्यापार, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में सिंधी समाज की अग्रणी भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के लोग नक्षत्र मंडल की तरह हर क्षेत्र में चमक रहे हैं। मुख्यमंत्री ने लाल कृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं का उल्लेख करते हुए समाज के राष्ट्रीय योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने समाज की एकजुटता को और मजबूत करने के लिए केंद्रीय पंचायत के साथ प्रदेश स्तर पर भी पंचायत व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता बताई।

डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार सिंधी समाज के विकास और प्रगति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने नए वर्ष के अवसर पर सभी से नए संकल्प लेने का आह्वान किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज के उज्ज्वल भविष्य का विश्वास जताया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थितजनों का अभिनंदन करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button