कंटेनर में गोवंश का क्रूरतापूर्वक परिवहन, रीठी पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ की कार्रवाई

कटनी, यशभारत। रीठी पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाए जा रहे 31 नग गोवंश को मुक्त कराया है। तस्करों ने एक बंद बॉडी कंटेनर के भीतर गायों और बैलों को अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूस-ठूस कर भरा था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बड़े कंटेनर में अवैध रूप से गोवंश की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही रीठी पुलिस की टीम ने 17 मार्च की रात करीब 12 बजे ग्राम सिमरा के पास मैदान में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से भागने में सफल रहे लेकिन पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। जब पुलिस ने ट्रक कंटेनर यूपी 21 बीएन 5175 की तलाशी ली तो भीतर का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। ट्रक के भीतर कुल 31 नग गोवंश गाय बैल और बछड़े मौजूद थे। पशुओं को बिना चारे पानी के गर्दन और पैर बांधकर क्रूरतापूर्वक भरा गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन पशुओं को वध या अवैध बिक्री के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। रीठी पुलिस ने रेखा बाई और शील चंद दोनों निवासी तिदनी थाना शाहनगर एवं दो अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 6 ख और 9, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया है। बरामद किए गए सभी 31 पशुओं को सुरक्षित रूप से ट्रक से बाहर निकाला गया और उन्हें पास की गौशाला में उपचार व देखभाल के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।







