सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ बुंदेलखंड की धरा पर रविवार को सामाजिक समरसता और भव्यता का एक अनोखा नजारा देखने को मिला। अवसर था भक्त शिरोमणि मां कर्मा देवी जयंती महोत्सव का, जिसे साहू समाज युवा मंडल ने चौथे नि:शुल्क आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन के रूप में यादगार बना दिया। आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब एक साथ 11 दूल्हे घोड़ों पर सवार होकर निकले, तो पूरे शहर की निगाहें इस शाही बारात पर टिकी रह गईं।
कार्यक्रम का आगाज रविवार सुबह मोतीनगर स्थित पद्माकर सभागार से हुआ। बैंड-बाजों की गूंज और ढोल-नगाड़ों की थाप पर निकली इस बारात में 11 दूल्हे पारंपरिक वेशभूषा में घोड़ों पर सवार थे। बारात में समाज के युवा, महिलाएं और बुजुर्ग उत्साह से नाचते-गाते चल रहे थे। साहू समाज सामुदायिक भवन पहुँचने पर भव्य स्वागत के साथ जयमाला की रस्म पूरी हुई और पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 11 जोड़ों ने अग्नि के सात फेरे लेकर सात जन्मों के अटूट बंधन को स्वीकार किया।
नवदंपतियों को गृहस्थ जीवन की सफल शुरुआत के लिए करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य के लगभग 100 प्रकार के उपहार भेंट किए गए। इनमें सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल, पलंग, गद्दा, अलमारी, टेबल-कुर्सी और 101 स्टील बर्तनों का पूरा सेट शामिल था। साहू समाज युवा मंडल के इस प्रयास की हर तरफ सराहना हो रही है, क्योंकि इसमें उन जोड़ों को भी स्थान दिया गया जिनके माता-पिता का साया सिर से उठ चुका है।
पारंपरिक डोली और 11 कारों से विदाई
समारोह का सबसे आकर्षक और भावुक कर देने वाला पल विदाई का रहा। वर्षों पुरानी परंपरा को जीवंत करते हुए दुल्हनों की विदाई पारंपरिक लकड़ी की डोलियों में की गई। विदाई के दृश्य ने वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर दीं। विशेष बात यह रही कि सभी 11 नवविवाहित जोड़ों को उनके घर तक पूरे मान-सम्मान के साथ पहुंचाने के लिए समाज द्वारा 11 लग्जरी कारों की व्यवस्था की गई थी।
विधायक बोले- ‘मुझे साहू शैलेंद्र जैन पुकारें’, समाज को दिया बड़ा समर्थन
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने समाज के प्रति अपना गहरा समर्पण दिखाते हुए कहा कि वे स्वयं को इस परिवार का हिस्सा मानते हैं और उन्हें ‘साहू शैलेंद्र जैन’ पुकारा जाना गौरव की बात होगी। उन्होंने समाज के लिए 20 लाख रुपये तक के सहयोग की घोषणा करते हुए मां कर्मा देवी मंदिर के जल्द अनावरण की बात कही। जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह और नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहीरवार ने भी इस पहल को समाज के लिए एक प्रेरणादायक मिसाल बताया।
साहू समाज ट्रस्ट के अध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया के नेतृत्व में वर्ष 2023 से शुरू हुआ यह सिलसिला साल-दर-साल भव्य होता जा रहा है। पहले साल 4 जोड़ों से शुरू हुआ यह सफर आज 11 जोड़ों तक पहुँच गया है। प्रवक्ता शिवम साहू ने बताया कि यह सम्मेलन केवल विवाह नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और जरूरतमंद परिवारों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है।