कटनीमध्य प्रदेश

लोक अदालत में करदाताओं की उमड़ी भीड़, निगम कोष में जमा हुए लगभग 3 करोड़ रुपये

निगमायुक्त की निगरानी में शिविरों का बेहतर संचालन, बड़ी संख्या में करदाताओं ने उठाया छूट का लाभ

लोक अदालत में करदाताओं की उमड़ी भीड़, निगम कोष में जमा हुए लगभग 3 करोड़ रुपये

निगमायुक्त की निगरानी में शिविरों का बेहतर संचालन, बड़ी संख्या में करदाताओं ने उठाया छूट का लाभ

कटनी, यशभारत। नगर पालिक निगम द्वारा आयोजित नेशनल लोक अदालत में इस बार करदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। निगमायुक्त तपस्या परिहार के नेतृत्व में आयोजित शिविर के दौरान 3 हजार 850 से अधिक रसीदें काटी गईं, जिनसे निगम कोष में लगभग 2 करोड़ 99 लाख 12 हजार 930 रुपये से अधिक की राशि जमा हुई।
लोक अदालत के लिए निगम प्रशासन द्वारा पूर्व से ही आवश्यक तैयारियां की गई थीं। शिविर प्रारंभ होते ही पहुंचने वाले करदाताओं का तिलक वंदन कर स्वागत किया गया, जिससे नागरिकों में उत्साह का माहौल बना रहा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यस्त रहने के बावजूद निगमायुक्त सुश्री परिहार ने संचार माध्यमों से दिनभर शिविरों की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए राजस्व अमले से लगातार संपर्क बनाए रखा। देर शाम उन्होंने खिरहनी एवं सुभाष चौक में आयोजित शिविरों का निरीक्षण कर वहां मौजूद नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने करदाताओं को लोक अदालत में मिलने वाली छूट का अधिक से अधिक लाभ लेने और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।शिविरों में आने वाले करदाताओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया तथा उनकी शंकाओं और समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। निगम की टीमों ने बकायेदारों की सूची के आधार पर डोर-टू-डोर संपर्क कर लोक अदालत की जानकारी दी और बकाया कर जमा करने के लिए प्रेरित किया। अधिक से अधिक नागरिकों को इसका लाभ मिल सके, इसके लिए शिविर देर रात तक संचालित किए गए।
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि लोक अदालत के दौरान संपत्ति कर की 2 हजार 576 रसीदें काटी गईं, जिनसे लगभग 1 करोड़ 69 लाख 12 हजार 930 रुपये की राशि जमा हुई। वहीं जलकर की 1 हजार 274 रसीदों के माध्यम से लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये की राशि करदाताओं द्वारा जमा की गई। जलकर की राशि का आंकड़ा फिलहाल अनंतिम है, क्योंकि समाचार लिखे जाने तक रसीदों की पोस्टिंग का कार्य जारी था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button