बरही की सभा में बोले सीएम डॉ मोहन यादव – सोना उगलती धरती में सोने की फसल जैसा आशीर्वाद, अब स्कूली बच्चों को दूध पिलाएगी सरकार, किसानों को दिन में मिलेगी बिजली
विजयराघवगढ़ क्षेत्र को एक हजार करोड़ की सौगात के साथ कई पुल, पुलियों, खेल मैदान और सड़कों के निर्माण की भी स्वीकृति


कटनी, यशभारत। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज बरही में जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में विकास का कारवां चलता रहेगा। आपके प्रेम और आशीर्वाद ने हमारी सरकार बनाई है, इसलिए अच्छे कार्यों का सिलसिला चलता रहेगा। मुख्यमंत्री ने विजयराघवगढ़ के विकास के लिए एक हजार करोड़ की सौगात देने के साथ ही क्षेत्र की जनता की मांग के अनुरूप अनेक सड़कों के निर्माण, खेल मैदान, पुल पुलियों और अन्य योजनाओं की स्वीकृति भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि कुछ माहों के बाद वे फिर विजयराघवगढ़ आयेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में विकास की सबसे तेज रफ्तार मध्यप्रदेश की है। बेरोजगारी की सबसे कम दर मध्यप्रदेश में है। उन्होंने कहा प्रदेश में 9 लाख करोड़ की लागत से फैक्ट्रियां लगाई जा रही हैं ताकि युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके।
सोना उगलती धरती, सोने की फसल जैसा आशीर्वाद
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कटनी की धरती तो सोना उगलने वाली धरती है। यहां आशीर्वाद भी सोने की फसल जैसा है। उन्होंने कहा प्रत्येक गांव तक सिंचाई का रकवा बढ़ाना है। किसानों को अब दिन में बिजली मिलेगी ताकि वे फसल की सिंचाई और अन्य कार्य दिन के उजाले में बिना खतरा उठाए कर सकें। किसानों के बच्चे संदीपनी विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। माता शारदा के आशीर्वाद से बच्चे आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि उन्हें श्रीकृष्ण और सुदामा याद आते हैं। भगवान कृष्ण ने घर में घुसकर कंस का काम तमाम कर दिया था, ये गायों के दूध की ताकत है।
स्कूलों में बच्चों को बांटेंगे दूध के पैकेट, बच्चों को दूध पिलाएगी मोहन सरकार
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार दूध डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा दे रही है। कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चों को स्कूलों में दूध के पैकेट बांटे जाएंगे। बच्चों को दूध पिलाकर हष्टपुष्ट बनाने के लिए सरकार माता यशोदा के नाम पर इस योजना का शुभारंभ कर रही है। स्कूलों में किताबें, गणवेश के साथ स्कूल बस की सुविधा भी मिलेगी।
प्रत्येक गरीब को देंगे मकान, फिर से होगा सर्वे
सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के लिए काम कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि फिर से सर्वे कराकर गरीब वर्ग के लोगों को आवास उपलब्ध कराए जायेंगे।
मेडिकल कॉलेज का जिक्र, घायलों को अस्पताल ले जाने वालों को प्रोत्साहन राशि
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कटनी में अब तो मेडिकल कॉलेज भी बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक्सीडेंट में कोई घायल व्यक्ति यदि सड़क पर पड़ा मिले तो अब पुलिस से घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले को 25 हजार की प्रोत्साहन राशि देगी। इसके अलावा घायल व्यक्ति का डेढ़ लाख तक का इलाज सरकार कराएगी। उन्होंने कहा कि इंसान की जिंदगी बचाना सबसे बड़ा काम है। सरकार ने संकल्प लिया है कि हर जरूरतमंद का इलाज आवश्यकता के अनुसार दिल्ली, मुंबई, जबलपुर, नागपुर जैसे बड़े शहरों में कराएंगे। और बीमार या घायल व्यक्ति को ले जाने के लिए हेलिकाप्टर और हवाई जहाज भी सरकार उपलब्ध कराएगी। सभा में जिले के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, विधायक कटनी संदीप जायसवाल, विधायक प्रणय पांडे, विधायक धीरेन्द्र सिंह सहित पार्टी के नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कुछ उम्मीदें रह गई बकाया
सीएम डॉ मोहन यादव ने अपने उद्बोधन में न बरही की सड़कों के विस्तार का जिक्र किया और न ही विजयनाथधाम के विकास की कोई चर्चा की। उन्होंने परसवारा में महानदी-उमराड़ नदी संगम में डैम बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही जगुआ, खितौली, सिजहनी, देवसरी-इंदौर जलाशय के जिर्वोद्वार की घोषणा भी की। उन्होंने खितौली क्षेत्र के टेड़ी पुलिया को सीधा करने, युवाओं के लिए स्टेडियम, फुटबॉल के लिए इंडोर स्टेडियम, करौदी खुर्द से जाजागढ़ तक सड़क निर्माण मथुरा कालोनी, हदरहटा, बरनमोहगवां, सलैया-कोहरी सड़क निर्माण की घोषणा भी की।








