मनेरी गैस प्लांट के पास भीषण अग्निकांड: टायर गोदाम में लगी आग ने लिया विकराल रूप, धमाकों की गूंज से थर्राया इलाका

- जबलपुर यश भारत । मंडला जिले के मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इंडियन गैस प्लांट नंबर-2 के समीप शुक्रवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां स्थित राय टायर कंपनी के विशाल गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी गगनचुंबी लपटें और काला धुआं कई किलोमीटर दूर से ही साफ नजर आ रहा था। टायरों के अत्यधिक स्टॉक के कारण आग ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गोदाम के भीतर से लगातार हो रहे जोरदार धमाकों की आवाजों ने आसपास के रहवासियों को दहशत में डाल दिया।
घटना की गंभीरता और गैस प्लांट की निकटता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला। सूचना मिलते ही नगर निगम जबलपुर से दमकल की तीन गाड़ियां तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं। टायरों में लगी आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण होने के कारण स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर मुस्तैद है। सुरक्षा के लिहाज से गैस प्लांट की ओर जाने वाले और आसपास के सभी मार्गों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है,
ताकि कोई बड़ी अनहोनी न हो। भारी पुलिस बल तैनात कर भीड़ को घटनास्थल से दूर रखा जा रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इसी टायर गोदाम में पहले भी आग लगने की घटना हो चुकी है, जो सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिकता आग पर काबू पाने की है ताकि यह समीप स्थित गैस प्लांट तक न पहुंच सके। दमकलकर्मी और प्रशासन की टीमें ‘हाई अलर्ट’ पर रहकर युद्ध स्तर पर आग बुझाने के प्रयास में जुटी हैं।







