ग्वालियरमध्य प्रदेश

लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त जारी: CM मोहन यादव ने 1.25 करोड़ बहनों को ट्रांसफर किए ₹1836 करोड़

अब तक 54 हजार करोड़ से अधिक राशि ट्रांसफर

ग्वालियर,एजेंसी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ग्वालियर के घाटीगांव में आयोजित कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त जारी की। सिंगल क्लिक के जरिए राज्य की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 1836 करोड़ की राशि ट्रांसफर की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 121.95 करोड़ की लागत से बनने वाले 54 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।

अब हर माह मिल रहे 1500

मुख्यमंत्री ने बताया कि नवंबर 2025 से योजना की मासिक राशि में 250 की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद अब पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 की आर्थिक सहायता सीधे उनके खातों में मिल रही है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों के खाते में हर महीने पहुंचने वाली यह राशि महिलाओं के जीवन में आत्मसम्मान और आत्मविश्वास बढ़ाने का काम कर रही है। कई महिलाएं इस पैसे का उपयोग परिवार की जरूरतें पूरी करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए कर रही हैं।

अब तक 54 हजार करोड़ से अधिक राशि ट्रांसफर

राज्य सरकार की लाड़ली बहना योजना जून 2023 में शुरू हुई थी। इस योजना के तहत जून 2023 से फरवरी 2026 तक 33 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। इस अवधि में सरकार द्वारा ₹54,140 करोड़ से अधिक राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है।

कई विकास कार्यों की भी सौगात

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी। इनमें आईएसबीटी के पास ₹6.17 करोड़ की लागत से बनने वाला 100 सीटर श्रमिक विश्रामगृह और ₹12.16 करोड़ की लागत से अंबेडकर धाम के दूसरे चरण में बाबा साहब के जीवन पर आधारित संग्रहालय प्रमुख हैं। इसके अलावा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण, आयुर्वेदिक महाविद्यालय में एनाटॉमी विभाग के लिए नया हॉल और छात्रावास, तथा भितरवार में करीब ₹4 करोड़ की लागत से बनने वाला नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी इन परियोजनाओं में शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button