डिलीवरी बॉय बनकर देते थे चेन लूट को अंजाम, स्टाइलिश जूतों ने पहुँचाया सलाखों के पीछे

डिलीवरी बॉय बनकर देते थे चेन लूट को अंजाम, स्टाइलिश जूतों ने पहुँचाया सलाखों के पीछे
भोपाल, यशभारत। शहर की पॉश कॉलोनियों में महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने वाले दो शातिर लुटेरों को अयोध्या नगर पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी जोमैटो डिलीवरी बॉय का स्वांग रचकर सूने इलाकों की रेकी करते थे और फिर वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके पास से लूट की 7 चेन और चोरी की एक एक्टिवा बरामद की है।
7 वारदातों का खुलासा, मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखा सोना
थाना प्रभारी महेश लिल्हारे ने बताया कि आरोपी निखिल शर्मा (28) और आकाश उर्फ अभिमन्यु सिंह (22) ने अयोध्या नगर और बाग सेवनिया क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की 7 वारदातें स्वीकार की हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने लूटी हुई 4 चेन मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखकर लोन ले लिया था, जबकि 3 चेन एक स्थानीय ज्वेलर भुवन सोनी को बेची थीं। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में ज्वेलर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
गत 2 मार्च को न्यू मिनाल रेसीडेंसी में हुई लूट के बाद पुलिस ने इलाके के 100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले। एक फुटेज में आरोपी अभिमन्यु के विशिष्ट प्रकार के जूते साफ दिखाई दे रहे थे। जब पुलिस ने संदेह के आधार पर इन युवकों को पकड़ा, तो उन्होंने जोमैटो का आईडी कार्ड दिखाकर गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन तलाशी के दौरान उनके कमरे से वही ‘मैचिंग जूते’ बरामद हुए, जिसके बाद आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी बी.कॉम शिक्षित हैं। लूट की रकम से ये दोनों दिल्ली के महंगे क्लबों में पार्टियां करते थे और एमडी ड्रग्स का नशा करते थे। आरोपी इतने शातिर थे कि पुलिस को चकमा देने के लिए भोपाल में बार-बार अपना ठिकाना बदलते रहते थे।






