सतना, यश भारत।जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के ग्राम चोरमारी स्थित पुरवा नहर में रविवार दोपहर नहाने के दौरान दो नाबालिग लड़कों के डूब जाने का मामला सामने आया है। घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी सोमवार देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
जानकारी के अनुसार चोरमारी निवासी संजीव मिश्रा का बेटा आर्यन (15) और सूर्यवली विश्वकर्मा का बेटा आयुष (13) रविवार को नहर किनारे मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। खेल खत्म होने के बाद दोनों नहाने के लिए पुरवा नहर में उतर गए। नहाते समय अचानक दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
उनके साथ मौजूद अन्य दोस्तों ने जब उन्हें डूबते देखा तो घबराकर गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नहर किनारे पहुंचे और अपने स्तर पर बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चल सका।
मामले की जानकारी मिलने पर रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए सतना से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
फिर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
एसडीआरएफ की टीम ने रविवार को मौके पर पहुंचकर नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण रात में तलाशी अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरमारी से सागौनी बाईपास तक नहर में सघन तलाशी अभियान चलाया। देर शाम तक दोनों नाबालिगों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद से पूरे चोरमारी गांव में चिंता और गम का माहौल है। दोनों बच्चों के परिजन और ग्रामीण नहर किनारे ही डटे हुए हैं और रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि दोनों बच्चों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
Back to top button