जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज दोहरीकरण की स्वीकृति देने सांसद आशीष दुबे ने रेल मंत्री वैष्णव के प्रति जताया आभार
नई दिल्ली में भेंट कर कहा – यह परियोजना विकास के नये अध्याय का सृजन करेगी

जबलपुर। जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद आशीष दुबे ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर समूचे जबलपुर संसदीय क्षेत्र की ओर से जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज लाईन के दोहरीकरण को स्वीकृति देने के लिये धन्यवाद देते हुए आभार प्रकट किया। सांसद श्री दुबे ने रेल मंत्री श्री वैष्णव से कहा कि महाकौशल अंचल की बहुप्रतीक्षित आवश्यकता और मांग को स्वीकृति मिलने से महाकौशल क्षेत्र के विकास का नया अध्याय लिखा जाने वाला है। उन्होंने श्री वैष्णव को इस बात के लिये भी धन्यवाद दिया कि दोहरीकरण कार्य के लिये स्वीकृत 5236 करोड़ रूपये परियोजना लागत के अतिरिक्त 450 करोड़ रूपये वन्य जीवों की सुरक्षा और आवागमन के लिये पर्यावरण एवं प्रकृति अनुकूल अंडरपास बनाने के लिये स्वीकृत किये गये हैं जो इस परियोजना की महत्वपूर्ण विशेषता है। अभी तक देश में कुछ सड़क मार्गों पर वन्यजीवों को सुरक्षा और आवागमन को देखते हुए इस तरह के प्रावधान किये गये हैं परंतु ब्रॉडगेज दोहरीकरण कार्य के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया जिसके लिये सांसद श्री दुबे ने रेल मंत्री श्री वैष्णव को धन्यवाद देते हुए कहा कि निर्माण के उच्च प्रतिमानों का ध्यान परियोजना कार्य शुरू होने से पहले ही अच्छी तरह से रखा गया है जो यह बताता है कि रेल विभाग सहित केंद्र की भाजपा सरकार हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिये कितनी गंभीर है ।
गौरतलब है कि सांसद श्री आशीष दुबे अपने कार्यकाल के प्रारंभ से ही जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज रेल मार्ग के दोहरीकरण की बात संबंधित विभिन्न मंचों पर रखते आये हैं जिसका परिणाम है कि पिछले दिनों केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस कार्य को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस मार्ग के दोहरीकरण से जहां एक ओर सुगम, त्वरित और नयनाभिराम अतिरिक्त रेल मार्ग उपलब्ध होगा वहीं क्षेत्र के विकास की गति को भी नया आयाम मिल सकेगा। इस मार्ग के दोहरीकरण से बड़ी संख्या में यात्री और मालवाहक रेलगाडियों का परिचालन संभव हो सकेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज मार्ग का दोहरीकरण होने से इस पूरे क्षेत्र में स्थित आर्थिक केंद्रों की क्षमता बढ़ेगी, लॉजिस्टिक लागत कम होने से महत्वपूर्ण राशि की बचत होगी और रेल विभाग की मालवाहक क्षमता भी काफी बढ़ जायेगी। इसका दूसरा लाभ कार्बन उत्सर्जन कम होने के रूप मे सामने आयेगा।
सांसद श्री दुबे ने बताया कि यह परियोजना जबलपुर सहित पूरे मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के लिये आर्थिक विकास, पर्यटन में वृद्धि और पर्यावरण अनुकूलता के सकारात्मक पहलुओं को सामने लेकर आयेगी। इस दोहरीकरण परियोजना की लागत 5236 करोड़ रूपये है और मार्ग में आवश्यक स्थानों पर बनाये जाने वाले अंडरपास और ध्वनिरोधक व्यवस्था के लिये इस राशि के अतिरिक्त 450 करोड़ रूपये की राशि अलग से स्वीकृत की गई है। दोहरीकरण कार्य के दौरान बड़ी संख्या में विभिन्न पुलों, लेवल क्रॉसिंग आदि का निर्माण होगा जिससे क्षेत्र में निचले स्तर तक रोजगार के नये अवसर भी सृजित होंगे।
सांसद श्री दुबे ने रेल मंत्री श्री वैष्णव से कहा कि जबलपुर गोंदिया ब्रॉडगेज रेल्वे लाईन के दोहरीकरण से आने वाले वर्षों में जहां नई ट्रेनें मिलेंगी वहीं ट्रेनों की गति बढ़ने के साथ यात्रियों के समय की बचत भी होगी और मालवाहक गाडियां भी अपेक्षाकृत कम समय में इस नये मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगी। उन्होंने रेल मंत्री श्री वैष्णव को यह परियोजना स्वीकृत करने के लिये बधाई देते हुए कहा कि देश के विकास में दूरदर्शिता के साथ जिस तरह केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो कदम उठाए जा रहे हैं वह अभूतपूर्व हैं। सांसद श्री दुबे ने जबलपुर संसदीय क्षेत्र में स्थित प्रमुख नगर सिहोरा में दो रेलगाडियों के स्टॉपेज को स्वीकृत करने के लिये भी रेलमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि इन दो ट्रेनों नागपुर- शहडोल (11201/02) और इतवारी-रीवा (11753/54-55-56) एक्सप्रेस के सिहोरा में ठहराव की स्वीकृति दिये जाने से सिहोरा सहित आस-पास के पूरे क्षेत्र को लाभ होगा । उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा के लिये उनकी छोटी से छोटी बात पर ध्यान देकर जनहित में निर्णय लेना भाजपा सरकार की विशेषता है। सांसद श्री दुबे ने कहा कि जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज मार्ग का दोहरीकरण क्षेत्रीय विकास के नये अध्याय की शुरूआत है और निश्चित तौर पर इस परियोजना के पूरे हो जाने के बाद महाकौशल का नक्शा और ज्यादा चमकता-दमकता दिखेगा।







