T20 विश्व कप 2026: खिताबी जंग में भारत ने खड़ा किया रनों का हिमालय, न्यूजीलैंड को मिला 256 रनों का लक्ष्य

T20 विश्व कप 2026: खिताबी जंग में भारत ने खड़ा किया रनों का हिमालय, न्यूजीलैंड को मिला 256 रनों का लक्ष्य
भोपाल, यश भारत। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे टी20 विश्व कप 2026 के हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने इतिहास रचने की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया है। कीवी टीम को अपना पहला विश्व खिताब जीतने के लिए अब 256 रनों की कठिन चुनौती पार करनी होगी।
पावरप्ले में अभिषेक-संजू का तूफान
भारतीय ओपनर्स ने पारी की शुरुआत से ही कीवी गेंदबाजों पर धावा बोल दिया। अभिषेक शर्मा ने महज 18 गेंदों में अर्धशतक जड़कर टूर्नामेंट का सबसे तेज पचासा अपने नाम किया। उन्होंने अपनी 52 रनों की पारी में 6 छक्के और 3 चौके लगाए। दूसरे छोर पर संजू सैमसन ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए 46 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली। दोनों की बदौलत भारत ने पावरप्ले (6 ओवर) में रिकॉर्ड 92 रन बटोरे।
मध्यक्रम में किशन की आतिशबाजी, नीशम का पलटवार
अभिषेक के आउट होने के बाद ईशान किशन (54 रन, 24 गेंद) ने रनों की रफ्तार को थमने नहीं दिया। हालांकि, पारी के 16वें ओवर में अनुभवी जिमी नीशम ने कीवी टीम की वापसी कराई। नीशम ने एक ही ओवर में संजू सैमसन, ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव (0) को पवेलियन भेजकर भारतीय खेमे में खलबली मचा दी।
दुबे का फिनिशिंग टच
एक समय स्कोर 230 के आसपास रुकता दिख रहा था, लेकिन शिवम दुबे ने आखिरी ओवर में जिमी नीशम की गेंदों पर लगातार प्रहार करते हुए 26* रन (8 गेंद) कूट दिए। भारत ने अंतिम 2 ओवरों में 35 रन जोड़कर स्कोर 250 के पार पहुँचाया।
न्यूजीलैंड की चुनौती
न्यूजीलैंड की ओर से जिमी नीशम ने 3 विकेट जरूर लिए, लेकिन वे काफी महंगे (46 रन) साबित हुए। अब सारा दारोमदार मिचेल सेंटनर की कप्तानी वाली बल्लेबाजी लाइन-अप पर है। अहमदाबाद की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल दिख रही है, लेकिन 12.8 की रन रेट से पीछा करना कीवी टीम के लिए अग्निपरीक्षा के समान होगा।







