सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र के टिकुरिया टोला में होली पर्व पर उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब एक परिवार पर हमला कर पथराव कर दिया गया। इस घटना में घर के बाहर खड़े चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए इलाके में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है।
मिली जानकारी के अनुसार टिकुरिया टोला निवासी राजेन्द्र प्रसाद प्रजापति (46) पिता राम प्रताप प्रजापति ने अपने पुत्र दीपक प्रजापति और हेमंत प्रजापति के साथ थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। राजेन्द्र ने पुलिस को बताया कि जब वह अपने घर पर मौजूद थे। तभी घर के पास स्थित शैलेन्द्र गुप्ता की किराना दुकान के पास गोल्डी मलिक, रजित महतो, सुमित मलिक और समीर मलिक गाली-गलौज कर रहे थे।
राजेन्द्र द्वारा उन्हें ऐसा करने से मना करने पर चारों आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब दीपक और हेमंत बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी पत्थर और हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई।
पीड़ित परिवार के मुताबिक इस दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया, जिसके बाद सभी ने मिलकर घर पर पथराव कर दिया। इस पथराव में घर के बाहर खड़े चार वाहन एमपी 19 जेडके 6840, एमपी 19 एमएन 3372, एमपी 19 जेडके 4974 और एमपी 19 जेडए 4964 क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोलगवां थाना पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर गोल्डी मलिक, रजित महतो, सुमित मलिक, समीर मलिक, सागर मलिक, रजत मलिक, लकी समुद्रे, बिट्टू मलिक, गोलू मलिक, राहुल मलिक और कल्लू मलिक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Back to top button