रफ्तार का कहर: गढ़ाकोटा में दो बाइकों की सीधी भिड़ंत, डायल-112 के पायलट की मौत, दूसरा युवक गंभीर

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चनौआ के पास बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में डायल-112 के पायलट (ड्राइवर) की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार सागर निवासी सौरभ तिवारी गढ़ाकोटा थाने की डायल-112 में पायलट के पद पर पदस्थ थे। बुधवार रात वे अपनी ड्यूटी पूरी कर बाइक से वापस सागर लौट रहे थे। इसी दौरान चनौआ गांव में गोवर्धन ढाबा के पास सामने से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल गढ़ाकोटा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल ले जाते समय सौरभ तिवारी की सांसें थम गईं और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक हेमंत की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका उपचार जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
गढ़ाकोटा थाना प्रभारी शिवम दुबे ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि सड़क हादसे में घायल डायल-112 के ड्राइवर सौरभ की मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया है। दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







