भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल से संचालित हनीट्रैप और धर्मांतरण के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़; अहमदाबाद तक फैले तार

भोपाल से संचालित हनीट्रैप और धर्मांतरण के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़; अहमदाबाद तक फैले तार

भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोहेफिजा और अशोका गार्डन इलाके से शुरू हुई एक जांच ने अंतरराज्यीय स्तर पर चल रहे एक खतरनाक नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि दो सगी बहनें मिलकर न केवल धर्मांतरण का दबाव बनाती थीं, बल्कि युवतियों को काम दिलाने के बहाने देह व्यापार के दलदल में धकेलकर रसूखदारों को फंसाने और फिर मोटी रकम वसूलने का काम भी करती थीं।

अहमदाबाद जाएगी पुलिस, यासिर की तलाश तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस गिरफ्तार आरोपी अमरीन और चंदन को पूछताछ के लिए अहमदाबाद ले जाने की तैयारी में है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इस नेटवर्क का मुख्य केंद्र भोपाल था, लेकिन इसके तार अहमदाबाद समेत कई अन्य शहरों से जुड़े हैं। फिलहाल फरार आरोपी बिलाल, चानू और यासिर की तलाश जारी है। पुलिस को सूचना मिली है कि मुख्य संदिग्ध यासिर अहमदाबाद में छिपा हो सकता है।

समझौते के नाम पर 5 लाख की ‘डील’
सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह पहले युवतियों के जरिए युवकों पर दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज करवाता था, फिर ‘राजीनामा’ (समझौते) के लिए भारी-भरकम राशि की मांग करता था। जांच में सामने आया है कि हाल ही के एक मामले में करीब 5 लाख रुपये की मांग की गई थी। पुलिस अब इन आरोपियों के बैंक खातों और पिछले कुछ वर्षों में हुए वित्तीय लेन-देन खंगाल रही है।

शादी, धर्मांतरण और फिर अलगाव का खेल
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अमरीन ने साल 2016 में एक हिंदू युवक से विवाह किया था। आरोप है कि शादी के बाद युवक का धर्म परिवर्तन कराकर उसका नाम ‘अयान’ रखा गया और कुछ समय बाद उससे संबंध खत्म कर लिए गए। वहीं दूसरी बहन आफरीन ने भी अहमदाबाद में शादी के बाद तलाक लिया और पति पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया। आफरीन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय है और उसके बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं, जिसका इस्तेमाल वह जाल बिछाने के लिए करती थी।

अशोका गार्डन की युवती लापता, पुलिस की बढ़ी चिंता
इस मामले में सबसे पेचीदा मोड़ अशोका गार्डन निवासी एक युवती का गायब होना है। इसी युवती ने दोनों बहनों पर धर्मांतरण का आरोप लगाया था और इसी के माध्यम से अहमदाबाद में एक युवक पर केस भी दर्ज कराया गया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही युवती लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।

सूने पड़े पुश्तैनी घर पर लटका ताला
आरोपी बहनें मूल रूप से कोहेफिजा इलाके की रहने वाली हैं और शिया समुदाय से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता, जो पेशे से टेलर थे, उनकी मृत्यु कोविड की पहली लहर में हो गई थी। वर्तमान में अब्बास नगर स्थित उनके पुश्तैनी घर पर ताला लटका हुआ है और परिवार के अन्य सदस्य भी फरार बताए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button