एक किलोमीटर की सर्विस रोड नहीं बना रहा एनएचएआई, पिपरौंध से पहाड़ी मोड़ तक सडक़ खस्ताहाल, आवागमन में परेशानी, जिम्मेदारों ने नहीं ली सुध, हर दिन हो रही दुर्घटनाएं

कटनी, यशभारत। नेशनल हाईवे नंबर 30 पर पिपरौंध से पहाड़ी मोड़ तक की करीब एक किलोमीटर की सर्विस रोड पिछले कई सालोंं से जर्जर और खस्ताहाल है, लेकिन जिम्मेदारों ने अब तक इस मार्ग की सुध नहीं ली, जिसकी वजह से हर दिन यहां दुर्घटनाएं घटित हो रही है। इस मार्ग पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं कि आए दिन दुपहिया वाहन चालक इन गड्ढों में फंसकर गिरते हुए देखे जा सकते हैं। क्षेत्र के रहवासियों ने बताया कि सर्विस रोड खराब होने की वजह से सुबह से लेकर शाम तक धूल के गुबार उड़ते रहते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है। रात में जब अंधेरा हो जाता है, तब क्षेत्र के लोगों की परेशानियां बढ़ जाती है। इस मार्ग की मरम्मत एवं सुधार कार्य के लिए क्षेत्र के लोगों द्वारा संबंधित विभाग के अधिकारियों का ध्यान आत्कृष्ट कराया गया परंतु विभागीय अधिकारियों ने इस ओर कोई रूचि नहीं ली। विदित हो कि पीरबाबा से पहाड़ी निवार जाने के लिए ग्राम पिपरौंध में ओवर ब्रिज के बाजू से रास्ता है। इस रास्ते से होकर ही पहाड़ी निवार सहित कई गांवों के लोगों का आवागमन होता है। हर दिन बड़ी तादात में लोग विभिन्न कामों के सिलसिले में कटनी आते हैं और वापस लौटते हैं लेकिन ओव्हर ब्रिज के बाजू से पहाड़ी मोड़ तक मार्ग खराब होने की वजह से उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। परेशानी तब बढ़ जाती है, जब कोई भारी वाहन तेज रफ्तार में निकलता है, इसके बाद पूरे मार्ग पर धूल ही धूल नजर आती है। लोगों का कहना है कि दिन तो किसी तरह कट जाता है लेकिन सबसे ज्यादा समस्या रात के समय होती है। अंधाधुंध गति से भागते भारी वाहनों की उड़ती धूल उनके घरों के अंदर तक आती है, जिससे घर के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें भी हो रही है।
पहले बन चुकी है सडक़
क्षेत्र के लोगों ने यह भी बताया कि नेशनल हाईवे नंबर 30 पर जब कटनी-जबलपुर मार्ग का निर्माण हो रहा था, तब पिपरौंध से पहाड़ी मोड़ तक की सडक़ का भी निर्माण कार्य कराया गया था लेकिन सडक़ निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किए जाने और भारी वाहनों का आवागमन होने की वजह से कुछ ही दिन में यह मार्ग पूरी तरह जर्जर और खस्ताहाल हो गया और अब परेशानी इस बात की है कि सडक़ निर्माण के लिए न तो प्रशासन के अधिकारियों द्वारा ध्यान दिया जा रहा है और न ही जनप्रनिधियों द्वारा।
बंद रहती है स्ट्रीट लाइट
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि सडक़ खराब होने के साथ ही इस मार्ग की स्ट्रीट लाइट कभी भी बंद हो जाती है, जिससे पूरे मार्ग में अंधकार छा जाता है। ऐसी स्थिति में यहां दुर्घटनाओं का अंदेशा बढ़ जाता है। लोगों ने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण इस क्षेत्र की बिजली चाहे जब बंद कर दी जाती है, जिससे लोगों के काम भी प्रभावित होते हैं।
विभागीय अधिकारियों को करेंगे पत्राचार
जिला पंचायत कटनी के उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा पिपरौंध से पहाड़ी मोड़ तक के मार्ग के खराब होने की जानकारी दी गई है। इसको लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को पत्राचार करते हुए सडक़ की मरम्मत, सुधार और निर्माण के लिए कहा जाएगा।
क्या कहते हैं अधिकारी
एनएचएआई के महाप्रबंधक आनंद प्रसाद का कहना है कि इस सडक़ से भारी वाहन गुजरते है, जिसकी वजह से यह सडक़ बार-बार खराब हो रही है। इसको लेकर प्लान तैयार किया गया है। सर्विस रोड के निर्माण के लिए एजेंसी भी तय हो गई है। जल्द ही सडक़ का निर्माण किया जाएगा।







