ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का अंदेशा

ग्रेटर नोएडा,एजेंसी। इकोटेक-1 थाना क्षेत्र के लुक्सर गांव में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मृतक युवक की पहचान नितिन के रूप में हुई है, जो लुक्सर गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, युवक किसी काम से जा रहा था, तभी मौके पर पहुंचे तीन हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली युवक के सीने सहित शरीर के अन्य हिस्सों में लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। परिजन घायल युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में यह भी सामने आया है कि वारदात के दौरान एक महिला ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने उसे हथियार दिखाकर धमका दिया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश कारण हो सकती है। बताया जा रहा है कि मृतक कुछ समय पूर्व ही जेल से रिहा हुआ था और पूर्व में एक हत्या के मामले में आरोपी रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।







