वीआईपी रोड पर कार से स्टंट करना पड़ा भारी

वीआईपी रोड पर कार से स्टंट करना पड़ा भारी
वीडियो वायरल होने के बाद कार ज़ब्त, चालक गिरफ्तार
भोपाल, यश भारत। राजधानी के पॉश इलाके वीआईपी रोड पर देर रात तेज रफ्तार कारों से खतरनाक स्टंटबाजी कर आम जनता में दहशत फैलाने वाले रईसजादों पर पुलिस का डंडा चला है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सक्रिय हुई भोपाल पुलिस ने एक कार को चिह्नित कर उसे ज़ब्त कर लिया है, साथ ही चालक के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वीडियो वायरल होते ही एक्शन में आई पुलिस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार की रात वीआईपी रोड पर कार क्रमांक एमपी 07 सी बी 8099 समेत दो-तीन अन्य वाहनों के चालकों द्वारा यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए खतरनाक स्टंट किए गए थे। इस हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों में भय का माहौल व्याप्त हो गया।
शनिवार को यातायात थाने में पदस्थ सूबेदार जितेन्द्र अटेरिया ने वाहन के नंबर से मालिक का पता निकाला और टीम के साथ दबिश देकर कार को ज़ब्त कर लिया। आरोपी चालक को पकड़कर अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना कोहेफिजा के सुपुर्द किया गया है।
पुलिस उपायुक्त यातायात जितेन्द्र सिंह पंवार ने बताया कि इस स्टंटबाजी में शामिल अन्य वाहनों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर इस तरह की जानलेवा हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।






