
उन्नाव,एजेंसी। उन्नाव में क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के अचानक हमले से अफरा-तफरी मच गई। घटना गंगाघाट नगर पालिका परिषद क्षेत्र स्थित सप्रू क्रिकेट स्टेडियम में हुई, जहां YMCC और पैरामाउंट टीमों के बीच मुकाबला चल रहा था। ड्रिंक ब्रेक के दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड मैदान में आ गया और खिलाड़ियों व अंपायरों पर हमला कर दिया। बचाव के लिए खिलाड़ी और अंपायर मैदान पर लेट गए, लेकिन कई लोगों को डंक लगने से चोटें आईं।
हमले में कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के वरिष्ठ अंपायर माणिक गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले शुक्लागंज के अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर किया गया। बाद में हैलट अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनका निधन हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमला अचानक हुआ और मैदान में मौजूद लगभग सभी खिलाड़ी व अंपायर इसकी चपेट में आए। माणिक गुप्ता कानपुर के फीलखाना क्षेत्र के निवासी थे और लंबे समय से अंपायरिंग से जुड़े हुए थे। घटना के बाद खेल जगत में शोक की लहर है।







