सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में एक बार फिर सोशल मीडिया के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। एक नाबालिग लड़की के साथ वीडियो कॉल के दौरान आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने की शिकायत महिला थाने में दर्ज की गई है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
महिला थाना प्रभारी संदीपिका ठाकुर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता द्वारा महिला संबंधी अपराधों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है तथा साइबर अपराधों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन परते के मार्गदर्शन में महिला थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार उसकी जान-पहचान के एक युवक ने पहले उससे वीडियो कॉल पर बातचीत की। इसी दौरान आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर ली। बाद में उक्त वीडियो को सोशल मीडिया के माध्यम से कई लोगों को भेज दिया गया। जब पीड़िता को इस बात की जानकारी मिली तो वह मानसिक रूप से अत्यधिक आहत हो गई। परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने नाबालिग की पहचान गोपनीय रखते हुए संबंधित धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया है। आईटी एक्ट और बाल संरक्षण कानून के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग सतर्कता से करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। साथ ही युवाओं और अभिभावकों को भी जागरूक रहने की आवश्यकता है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
Back to top button