जबलपुरमध्य प्रदेश

दिनदहाड़े वकील की हत्या से उबाल:प्रदेश में 1 लाख अधिवक्ताओं की हड़ताल,जबलपुर में वकीलों ने निकाली विशाल रैली

न्यायालयों में कामकाज ठप

जबलपुर,यशभारत। शिवपुरी जिले के करैरा में वरिष्ठ अधिवक्ता संजय सक्सेना की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के विरोध में सोमवार को जबलपुर सहित पूरे प्रदेश में अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों का पूर्ण बहिष्कार किया। स्टेट बार काउंसिल के आह्वान पर प्रदेशभर के करीब एक लाख से अधिक वकील हड़ताल में शामिल हुए, जिसके चलते हाई कोर्ट और जिला अदालतों में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। जानकारी के अनुसार 14 फरवरी को अधिवक्ता संजय सक्सेना की कोर्ट जाते समय अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद से प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।

जबलपुर में वकीलों ने विशाल रैली निकालकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। अधिवक्ता संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मृतक के परिजनों को 1 करोड़ रुपये मुआवजा, एक आश्रित को शासकीय नौकरी तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि यूनिफॉर्म में दिनदहाड़े की गई यह निर्मम हत्या प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह है।

अधिवक्ता संघ ने प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट तत्काल प्रभाव से लागू करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें शीघ्र नहीं मानी गईं तो प्रदेशभर के हजारों वकील भोपाल में अनशन और व्यापक प्रदर्शन करेंगे। हड़ताल के कारण न्यायालयीन कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे आम नागरिकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button