जयपुर में भीषण टक्कर: ट्रेलर से भिड़ी कार, जबलपुर के 5 लोगों की दर्दनाक मौत
कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे के पास हुआ हादसा

जबलपुर,यशभारत। जयपुर जिले के चाकसू क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर टिगरिया मोड़ के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। पुलिस के अनुसार जबलपुर से जयपुर की ओर जा रही कार आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
चाकसू थाना प्रभारी मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि महिला सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल किया गया।
महाकाल के दर्शन के बाद खाटूश्यामजी जा रहे थे
रेशमा श्रीवास्तव ड्राइवर अनुराग, रजक राहुल, शानू और पीयूष के साथ दो दिन पहले उज्जैन में श्री महाकालेश्वर महादेव के दर्शन करने निकली थी। 13 फरवरी को उज्जैन में दर्शन करने के बाद वो लोग खाटू श्याम जी (रिंगस, सीकर) दर्शन करने जा रहे थे। गाड़ी में सवार शानू रेशमा का ड्राइवर रह चुका है। रजक राहुल, अनुराग का दोस्त था और पीयूष इनका ही परिचित था।रजक राहुल जबलपुर शहर के खेरमाई मंदिर क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने शवों को चाकसू उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है। दुर्घटना थाना सेकेंड के जांच अधिकारी जयसिंह मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।







