भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल के रिटायर्ड इंजीनियर से 72 लाख की साइबर ठगी, फेसबुक विज्ञापन से बुना गया जाल

भोपाल के रिटायर्ड इंजीनियर से 72 लाख की साइबर ठगी, फेसबुक विज्ञापन से बुना गया जाल

हबीबगंज पुलिस ने दर्ज किया मामला, पिग बुचरिंग स्कैम का शिकार हुए बुजुर्ग

भोपाल, यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके अरेरा कॉलोनी (ई-1) में साइबर ठगों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। छत्तीसगढ़ माइंस से रिटायर्ड 72 वर्षीय इंजीनियर अभय शरद मोहगावकर के साथ शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 72 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। शातिर ठगों ने पीड़ित को झांसा देने के लिए एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप का सहारा लिया, जिस पर उन्हें करोड़ों का काल्पनिक मुनाफा दिखाया जा रहा था।

ऐसे फंसाया जाल में
पुलिस के अनुसार, ठगी का खेल दिसंबर 2023 में शुरू हुआ। पीड़ित ने फेसबुक पर शेयर मार्केट से भारी मुनाफे का एक विज्ञापन देखा था। लिंक पर क्लिक करते ही उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहाँ खुद को विशेषज्ञ बताने वाले जालसाजों ने उन्हें निवेश की बारीकियां सिखानी शुरू कीं। भरोसा जीतने के बाद, आरोपियों ने उन्हें एक अज्ञात एपीके फाइल भेजकर एक विशेष ऐप डाउनलोड करवाया।

स्क्रीन पर दिखता रहा मुनाफा, खाते से साफ होते रहे पैसे
पीड़ित ने बताया कि उस फर्जी ऐप पर उन्हें दिख रहा था कि उनका निवेश तेजी से बढ़ रहा है। इसी मुनाफे के लालच में आकर उन्होंने किश्तों में कुल 72 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उनके खाते में दिख रही राशि करोड़ों में पहुंच गई, तो उन्होंने इसे निकालने की कोशिश की। यहीं से ठगों का असली चेहरा सामने आया। आरोपियों ने पैसे निकालने के बदले टैक्स’ और सर्विस चार्ज के नाम पर लाखों रुपयों की और मांग शुरू कर दी।

पुलिस की जांच शुरू
जब पीड़ित को अहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है, तो उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। हबीबगंज थाना पुलिस ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button