सडिपुका में हिंदी कार्यशाला आयोजित: राजभाषा नीति का पालन हमारा संवैधानिक कर्तव्य

सडिपुका में हिंदी कार्यशाला आयोजित: राजभाषा नीति का पालन हमारा संवैधानिक कर्तव्य
भोपाल ,यशभारत। भारत सरकार की राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन और हिंदी के प्रचार-प्रसार को गति देने के लिए सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना (सडिपुका), निशातपुरा के तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र (टीटीसी) में गुरुवार को एक दिवसीय हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य कारखाना प्रबंधक प्रफुल्ल वी. कोहाड़े के संरक्षण में आयोजित इस कार्यशाला में 25 प्रशिक्षु रेल कर्मियों ने शिरकत की।
संवैधानिक प्रावधानों पर हुई चर्चा कार्यशाला का मुख्य विषय ‘भारत सरकार की राजभाषा नीति एवं संवैधानिक प्रावधान’ रहा। समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री आर. के. उपाध्याय (एसीएमटी एवं प्रशिक्षण अधिकारी) ने कहा कि केंद्रीय कर्मचारी होने के नाते राजभाषा नीति का अनुपालन करना हमारा संवैधानिक कर्तव्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी अपने दैनिक सरकारी कार्यों को हिंदी में करने के लिए और अधिक प्रोत्साहित होंगे।
मार्गदर्शिका का वितरण इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिक्षुओं को ‘राजभाषा मार्गदर्शिका’ (पॉकेट फोल्डर) और राजभाषा विशेषांक पत्रिका का वितरण भी किया गया। विशिष्ट अतिथि श्री एम. एल. मीना (संपर्क राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी) ने कहा कि कर्मचारियों के कौशल विकास और कार्य-दक्षता के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।







