
कार में बंद मिली पुजारी की लाश, सिर में गोली; पास रखी थी पिस्टल
सुबह 5 बजे सुनसान इलाके में खड़ी मिली कार
इंदौर के महालक्ष्मी नगर इलाके में मंगलवार तड़के एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां एक कार के अंदर 36 वर्षीय पुजारी का शव मिला। कार अंदर से लॉक थी, जिसे पुलिस ने शीशा तोड़कर खोला और शव को बाहर निकाला। मृतक के सिर में गोली लगी थी और कार के भीतर एक पिस्टल भी पड़ी मिली है।
खजराना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सतीश शर्मा (36), पुत्र कैलाश शर्मा के रूप में हुई है। वे मूल रूप से अशोक नगर जिले के रहने वाले थे और इंदौर के लसूड़िया मोरी स्थित एक मंदिर में पुजारी थे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे महालक्ष्मी नगर के एक सुनसान इलाके में खड़ी कार में सतीश का शव मिला। पुलिस को शुरुआती जांच में कार पूरी तरह अंदर से बंद मिली, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया।

पूजा का सामान लेने निकले थे घर से
परिजनों के मुताबिक सतीश सोमवार देर शाम पत्नी से यह कहकर घर से निकले थे कि वे पाटनीपुरा से पूजा का सामान लेने जा रहे हैं। देर रात करीब 11 बजे रिश्तेदारों को एक फोन आया, जिसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए
सतीश शर्मा अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके अचानक निधन से परिवार सदमे में है।
एक युवती से दोस्ती, पारिवारिक तनाव की बात
पुलिस जांच में सामने आया है कि सतीश की इलाके में रहने वाली एक युवती से दोस्ती थी, जिसे लेकर परिवार में तनाव चल रहा था। सोमवार को भी दोनों के बीच बातचीत हुई थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल ब्लैकमेलिंग जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सतीश ने खुद को गोली मारी या फिर उनकी हत्या की गई। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ होगी।






