सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के छपारा थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राज्यमार्ग-44 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छपारा कला बाईपास के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी,जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सतीश यादव (55 वर्ष) निवासी धूमा के रूप में हुई है। सतीश यादव दोपहर के समय अपनी बाइक से धूमा से सिवनी की ओर जा रहे थे।इसी दौरान सिवनी की ओर से लखनादौन की दिशा में जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे में सतीश यादव को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद छपारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। यदि हादसे के समय अधिक लोग मौजूद होते, तो यह दुर्घटना और भी बड़ा रूप ले सकती थी।
इस संबंध में छपारा थाना प्रभारी खेमेन्द्र जेतवर ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी।फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की समझाइश दी जाती है,बावजूद इसके कई चालक लापरवाही बरतते हैं, जिसके कारण इस प्रकार की घटनाएं घटित हो रही हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन न चलाएं, ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
Back to top button