MP Police Result Update: एमपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती का रिजल्ट जारी, दूसरे चरण के लिए 59,438 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

MP Police Result Update: एमपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती का रिजल्ट जारी, दूसरे चरण के लिए 59,438 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2025 के प्रथम चरण का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया है। मंडल ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर दूसरे चरण के लिए पात्र पाए गए उम्मीदवारों के रोल नंबर की सूची अपलोड कर दी है।
7,500 पदों के लिए करीब 60 हजार सफल
राज्य में पुलिस कांस्टेबल के कुल 7,500 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। नियमों के मुताबिक, पदों की संख्या से लगभग 8 गुना उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए चुना गया है। आंकड़ों के अनुसार, कुल 59,438 उम्मीदवारों ने लिखित परीक्षा में सफलता हासिल की है और अब वे फिजिकल टेस्ट (PPT) में शामिल होंगे।
6.85 लाख अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा
यह भर्ती परीक्षा 30 अक्टूबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 तक प्रदेश के 11 प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 9.78 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 6,85,504 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।
शारीरिक दक्षता परीक्षा (PPT) होगा अगला पड़ाव
सफल घोषित किए गए अभ्यर्थियों को अब दूसरे चरण में अपनी शारीरिक योग्यता साबित करनी होगी। इसमें दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी स्पर्धाएं शामिल होंगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा की तिथि और स्थान के बारे में पुलिस मुख्यालय (PHQ) द्वारा जल्द ही अलग से सूचना जारी की जाएगी।
ऐसे देखें अपना रिजल्ट:
मंडल की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाएं।
होमपेज पर ‘Result – Police Constable Recruitment Test – 2025’ लिंक पर क्लिक करें।
अपना एप्लीकेशन नंबर/रोल नंबर और जन्म तिथि दर्ज करें।
स्क्रीन पर आपका क्वालिफाइंग स्टेटस दिखाई देगा।







