भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल सेंट्रल जेल की महिला प्रहरी पर जानलेवा हमला, गबन की शिकायत से नाराज सहकर्मी के बेटे ने रॉड से मारा

भोपाल सेंट्रल जेल की महिला प्रहरी पर जानलेवा हमला, गबन की शिकायत से नाराज सहकर्मी के बेटे ने रॉड से मारा

-एक्सीडेंट दिखाने के लिए बीच सड़क पर फेंका

​भोपाल, यशभारत। राजधानी के गांधी नगर थाना क्षेत्र में भोपाल केंद्रीय जेल की एक महिला प्रहरी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि महिला के साथ काम करने वाले एक अन्य प्रहरी का बेटा है। हमलावर ने महिला को जान से मारने की नीयत से सिर पर रॉड से वार किया और फिर वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए उन्हें बेहोशी की हालत में मुख्य मार्ग के बीचों-बीच लिटा दिया। फिलहाल, पीड़िता हमीदिया अस्पताल में भर्ती है।

मिली ​जानकारी के अनुसार, जेल प्रहरी कमला शर्मा शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह जेल परिसर से बाहर मुख्य मार्ग पर पहुंचीं, वहां पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी अमन खान (सहकर्मी शरीफ खान का बेटा) ने उनके सिर पर पीछे से लोहे की रॉड से हमला कर दिया। कमला शर्मा वहीं लहूलुहान होकर बेहोश हो गईं।

​हमले के बाद आरोपी ने क्रूरता की हदें पार करते हुए बेहोश महिला को घसीटकर सड़क के बीच में लिटा दिया। उसका मकसद था कि रात के अंधेरे में कोई तेज रफ्तार वाहन उन्हें कुचल दे, जिससे यह पूरा मामला एक सामान्य सड़क दुर्घटना लगे। हालांकि, एक राहगीर की तत्परता से उन्हें समय रहते अस्पताल पहुँचाया गया, जिससे उनकी जान बच सकी।

​जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत पैसे के गबन से हुई थी। कमला शर्मा के बेटे की 2023 में मृत्यु हो चुकी है। उनके पोते के पास मौजूद पिता के मोबाइल का फायदा उठाकर आरोपी अमन खान पिछले दो साल से धीरे-धीरे पैसे अपने खाते में ट्रांसफर कर रहा था। अब तक वह करीब 2.5 लाख रुपये ऐंठ चुका था। हाल ही में जब 80 हजार रुपये का एकमुश्त ट्रांजैक्शन हुआ, तब कमला शर्मा को इसकी भनक लगी और उन्होंने साइबर क्राइम ब्रांच में इसकी लिखित शिकायत कर दी। इसी शिकायत से बौखलाकर अमन ने इस वारदात को अंजाम दिया।

​जेल प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई
​जेल अधीक्षक राकेश भांगरे ने पीड़िता से मुलाकात के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधी नगर पुलिस को सख्त कार्रवाई के लिए अनुशंसा की। गांधी नगर थाना पुलिस ने आरोपी अमन खान के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
थाना प्रभारी गांधी नगर ने बताया कि पीड़िता के बयानों और प्राथमिक जांच के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button