भोपालमध्य प्रदेश

सरकारी विभाग में अटैच कार ने बाइक सवार को रौंदा, मौत

सरकारी विभाग में अटैच कार ने बाइक सवार को रौंदा, मौत

भोपाल, यशभारत। राजधानी के एमपी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शौर्य स्मारक रोड (ठंडी सड़क) पर सोमवार को एक तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में 45 वर्षीय बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है, जो एक सरकारी विभाग में अटैच बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नाथू बरखेड़ा निवासी सतीश मेहरा (45) के रूप में हुई है। सतीश पेशे से निजी वाहन चालक थे। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दोपहर के समय सतीश अपनी बाइक से रेड क्रॉस चौराहे से एमपी नगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शौर्य स्मारक के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कार ढलान पर काफी तेज गति में थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।

हादसे के बाद सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और सतीश को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एमपी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना कार एक सरकारी विभाग में अनुबंधित है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसे के वक्त कार में कौन सवार था और क्या ड्राइवर नशे में था।

एमपी नगर थाना प्रभारी ने बताया कि हमने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। कार एक सरकारी विभाग में अटैच बताई गई है, जिसकी पुष्टि की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button