जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

बैठवा डैम में हेलीकॉप्टर गिरने की अफवाह से मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम, जांच में निकली झूठी सूचना

जबलपुर यशभारत। कुंडम तहसील क्षेत्र के बैठवा डैम में हेलीकॉप्टर गिरने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते यह खबर आग की तरह फैल गई जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही तहसीलदार कुंडम सहित पुलिस बल और प्रशासनिक अमला तत्काल मौके के लिए रवाना हो गया।बताया जा रहा है कि कुछ लोगों द्वारा डैम के आसपास संदिग्ध आवाज और हलचल देखने का दावा किया गया, जिसके बाद हेलीकॉप्टर हादसे की अफवाह फैल गई। इस सूचना के आधार पर प्रशासन ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की गहन तलाशी ली। पुलिस ने डैम के पानी आसपास के जंगल और पहुंच मार्गों की बारीकी से जांच की।काफी देर तक चली जांच के बाद प्रशासन को किसी भी प्रकार के हेलीकॉप्टर गिरने या दुर्घटना से संबंधित कोई साक्ष्य नहीं मिला। न तो डैम में किसी मलबे के निशान पाए गए और न ही किसी तरह की आपात स्थिति सामने आई। इसके बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि हेलीकॉप्टर गिरने की खबर पूरी तरह अफवाह है। संबंधितो ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और ऐसी खबरों की पुष्टि किए बिना उन्हें आगे न फैलाएं। वहीं पुलिस ने भी अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने और आवश्यक होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।हालांकि अफवाह के चलते कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल जरूर रहा, लेकिन प्रशासन की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अफवाहें किस तरह शांति भंग कर सकती हैं और सतर्कता कितनी जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button