गंजताल तालाब में हादसा: डूबे युवक को जीवित अवस्था में निकाला, इलाज के दौरान मौत

जबलपुर यशभारत। जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंजताल तालाब में हुए हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी। तालाब में डूबे एक युवक को स्थानीय लोगों की मदद से जीवित अवस्था में बाहर निकाल लिया गया लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे तत्काल मेडिकल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि 43 वर्षी अशोक कुमार बर्मन पिता जगदीश बर्मन शराब पीने का आदी था वह सुबह गंजताल तालाब के किनारे बैठ कर शराब भी रहा था इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बिना समय गंवाए युवक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को तालाब से बाहर निकाला गया, उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही युवक को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन पानी अधिक मात्रा में चले जाने और शरीर में ऑक्सीजन की कमी के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। काफी प्रयासों के बावजूद डॉक्टर युवक की जान नहीं बचा सके और उपचार के दौरान उसकी आज सुबह मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।युवक की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन रो-रोकर बेसुध हैं। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर घटना को जांच में लिया गया है।







