सरकारी सिस्टम की नाक के नीचे बह रहा हजारों लीटर पानी, नगर निगम बेखबर

सरकारी सिस्टम की नाक के नीचे बह रहा हजारों लीटर पानी, नगर निगम बेखबर
भोपाल, यशभारत।राजधानी के जहांगीराबाद क्षेत्र में नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ 7वीं वाहिनी वि.स.बल (SAF) सेनानी कार्यालय और इंडिया कॉफी हाउस जैसे व्यस्त इलाके के ठीक सामने पिछले दो दिनों से पानी की पाइपलाइन फूटी हुई है। आलम यह है कि हजारों लीटर कीमती पानी सड़क पर बह रहा है, लेकिन निगम प्रशासन इस ओर से आँखें मूँदे बैठा है।
प्रमुख कार्यालयों के सामने बदहाली
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बताया कि पाइपलाइन फूटने से सेनानी कार्यालय के सामने का पूरा हिस्सा जलमग्न हो गया है। सड़क पर पानी भरा होने के कारण आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। दो दिन बीत जाने के बाद भी मरम्मत के लिए किसी कर्मचारी का न पहुँचना नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
आम जनता का क्या होता होगा?
क्षेत्रवासियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब एक हाई-प्रोफाइल सरकारी दफ्तर के सामने यह स्थिति है, तो शहर की आम बस्तियों और कॉलोनियों की शिकायतों पर नगर निगम क्या गौर करता होगा? यह लापरवाही तब है जब शहर में जल संरक्षण के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं।







