मध्य प्रदेशराज्य
प्रापर्टी डीलर ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या : 8 माह पहले ही सजा था सेहरा

रीवा l प्रापर्टी का कारोबार करने वाले एक युवक ने अपने कमरे में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। समान थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखरी टोला में रहने वाले अनुज दुबे पिता स्व. अर्जुन 28 वर्ष द्वारा यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया है, पुलिस जांच कर रही है। बताया गया है कि मृतक के सिर पर 8 माह पहले ही सेहरा सजा था।
कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनते ही परिवार के लोग दौड़े, जहां युवक लहूलुहान हालत में मिला। उसे तत्काल ही इलाज के लिए संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताते हैं कि उसने अपने कनपटी में पिस्टल लगाकर फायर किया है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही समान पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त पिस्टल जब्त कर लिया है। बताया गया है कि यह अवैध पिस्टल है। युवक के पास पिस्टल कैसे और कहां से आई, इसकी जांच भी पुलिस कर रही है।
मृतक का विवाह बीते साल 11 मई को हुआ था। पिता की मौत हो चुकी थी। घर पर मां, बहन और पत्नी के साथ वह रहता था। युवक ने पारिवारिक कारणों से आत्महत्या की है या कोई और वजह, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
इन्होंने कहा…
युवक ने अपने घर में कमरे के अंदर खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। जिस पिस्टल से फायर किया है, वह अवैध है। घटना की वजह क्या है, इसकी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
विजय सिंह बघेल, टीआई समान थाना







