मध्य प्रदेशराज्य
शासकीय कर्मचारी को आवंटित शासकीय भूमि पर कार्यवाही अटकी : कलेक्टर के आदेश पर अभी तक नहीं हुई कार्यवाही

यशभारत डिंडौरी |डिंडोरी जिले की बजाग तहसील का राजस्व विभाग इन दिनों सुर्खियों में है, जहां एक ओर गरीब लोगों को शासकीय भूमि आवंटित नही हो पाती है वहीं दूसरी ओर शासकीय कर्मचारी की पत्नी को शासकीय भूमि एक दो नहीं पूरे 10 डेसिमल भूमि आवंटित कर दी गई है। ताजा मामला तहसील बजाग में ग्राम पडरिया डोंगरी का है जहां वार्ड नंबर 10 में करूणा सोनी पति राजकुमार सोनी को खसरा नंबर 682/2/1 682/2/2, में 1 व 3 तीन आरे ज़मीन आवंटित कर दी गई, जिसकी लिखित शिकायत कलेक्टर को की गई है और जांच के बाद भी शिकायत के डेढ़ महिने बाद भी कार्यवाही नहीं हो सकी है।
आवेदक के अनुसार इस मामले की शिकायत नवम्बर माह में कलेक्टर को की गई थी, जिसमें आरोप थे कि करूणा सोनी के पति राजकुमार सोनी शासकीय पद पर आमाडोंगरी सोसायटी में मेनेजर के पद पर थे, जिन्होंने तत्कालीन सरपंच, सचिव, पटवारी, तहसीलदार से मिलकर पट्टा बनवा लिया गया था, जिसकी जांच और आवश्यक कार्यवाही के लिए एस डी एम बजाग को निर्देश दिए गए थे। जिसकी कार्यवाही महज 15 दिन में हो जानी चाहिए थी, जबकि शिकायत के डेढ़ महीने बाद भी कोई कार्यवाही नहीं की गई। महत्वपूर्ण यह है कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में अधिकतर गरीब लोगों के पास जहां दर्जनों बार शासकीय दफ्तर के चक्कर काटने के बाद भी जमीन नहीं मिलती वहीं दूसरी ओर शासकीय कर्मचारी की पत्नी को जमीन आवंटित होना, राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान हैं जहां मनमानी पूर्वक 4 आरे शासकीय भूमि को शासकीय कर्मचारी की पत्नी को आवंटित कर दिया।
इनका कहना है..
जांच चल रही है, मामला संज्ञान में है जांच के बाद ही कार्यवाही की जा सकेगी l
रामबाबू देवांगन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बजाग







