खुद की पिस्टल से हुआ था फायर,पुलिस जांच में खुलासा
हनुमानताल के मोहरिया इलाके में फायरिंग का मामला

जबलपुर, यशभारत। हनुमानताल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहरिया इलाके की गली नंबर-5 में युवक को गोली लगने के मामले में सरेराह फायरिंग की आशंका जताई गई थी, लेकिन पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि युवक को गोली उसकी खुद की पिस्टल से लगी। पुलिस के अनुसार घायल युवक अंबेडकर कॉलोनी निवासी मोहसिन के पास एक पिस्टल थी, जो उसकी जेब में रखी हुई थी। इसी दौरान अचानक फायर हो जाने से गोली उसके बाएं पैर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल हालत में मोहसिन को परिजन तत्काल विक्टोरिया अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक के पास पिस्टल कानूनी रूप से थी या अवैध, और क्या लापरवाही से हथियार रखने के कारण यह घटना हुई। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







