जिला बदर होने के बावजूद तलवार लेकर घूम रहा कुख्यात बदमाश ‘गिरफ्तार

जिला बदर होने के बावजूद तलवार लेकर घूम रहा कुख्यात बदमाश ‘गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के टीलाजमालपुरा थाना पुलिस ने राजधानी से एक साल के लिए जिला बदर किए गए कुख्यात अपराधी अरशद उर्फ बब्बा को तलवार के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में करीब 38 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 जनवरी 2026 की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इस्लामी गेट के पास स्थित ग्राउंड में एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में तलवार लिए खड़ा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही टीलाजमालपुरा थाना प्रभारी आशुतोष उपाध्याय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और भागने की कोशिश कर रहे बदमाश को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवार बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी की पहचान अरशद उर्फ बब्बा (38 वर्ष), निवासी कांग्रेस नगर पुलिया के रूप में हुई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी को मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत भोपाल सहित आसपास के जिलों (विदिशा, सीहोर, राजगढ़, रायसेन, नर्मदापुरम) की सीमाओं से एक वर्ष के लिए निष्कासित (जिला बदर) किया गया था। इसके बावजूद वह शहर में छिपकर रह रहा था और हथियारों के साथ घूम रहा था।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने पर म.प्र. राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किस इरादे से वहां खड़ा था।







