शराब विवाद में हुआ था दोहरा हत्याकांड, पुलिस ने किया खुलासा; पांच आरोपी गिरफ्तार

शराब विवाद में हुआ था दोहरा हत्याकांड, पुलिस ने किया खुलासा; पांच आरोपी गिरफ्तार
साजिश: हत्या कर रेलवे ट्रैक पर फेंके थे शव, रेत कंपनी पर लगाया था झूठा आरोप
नर्मदापुरम, यशभारत। माखन नगर (बाबई) थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शराब के नशे में हुए विवाद के बाद आरोपियों ने दो युवकों की जघन्य हत्या कर दी थी और मामले को दुर्घटना का रूप देने के लिए शवों को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था। पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश किया।
शराब का विवाद और हत्या की साजिश
एसपी ने बताया कि 18 दिसंबर को सोहागपुर के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक करन कीर का क्षत-विक्षत शव मिला था। जांच के दौरान पता चला कि उसका चचेरा भाई शुभम कीर भी लापता है, जिसका शव बाद में बागरा के जंगलों में मिला। जांच में सामने आया कि आरोपी केवल राम कीर, नवल और दिनेश ने शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद शुभम के सिर पर डंडे और बके से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वहीं करन को भी मारकर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से रेलवे ट्रैक पर डाल दिया ताकि मामला ट्रेन दुर्घटना का लगे।
हैरानी की बात यह है कि मुख्य आरोपी केवल राम कीर ने खुद को बचाने के लिए मृतकों के परिजनों को यह कहकर भड़का दिया कि हत्या रेत कंपनी के कर्मचारियों ने की है। इसी आधार पर कीर समाज के लोगों ने तवा पुल पर लंबा चक्का जाम किया था। हालांकि, पुलिस की तकनीकी जांच और मुखबिरों की सूचना ने आरोपियों के झूठ को पकड़ लिया।
पुलिस ने इस मामले में केवल राम कीर, नवल कीर, अजय कीर (तीनों निवासी मनवाड़ा), दिनेश और सौरव (निवासी सिंघवाड़ा) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक ऑटो, पांच मोबाइल, एक बका और दो डंडे बरामद किए गए हैं।
चक्का जाम करने वालों पर गिरेगी गाज
एसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि हाईवे जाम करने से आम जनता को भारी परेशानी होती है। तवा पुल पर चक्का जाम करने वाले उपद्रवियों की वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है, उन पर भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पिछले 5 वर्षों में चक्का जाम की घटनाओं में शामिल रहे लोगों को बाउंडओवर भी किया जाएगा।
पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम
इस चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने वाली टीम में सोहागपुर थाना प्रभारी उषा मरावी, माखन नगर थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके, सेमरीहरचंद चौकी प्रभारी आकाशदीप पचाया और साइबर सेल की टीम शामिल थी। इस सफलता पर एसपी ने टीम को 25,000 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।






