शराब दुकान में तोड़फोड़ और लूट, कर्मचारी पर चाकू से हमला
शराब माफियाओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई

जबलपुर। जिले में शराब माफियाओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई लगातार तेज होती जा रही है। ताजा मामला मदन महल थाना क्षेत्र के लिंक रोड स्थित एक शराब दुकान का है, जहां शराब कारोबार से जुड़े एक गुट के कुछ युवकों ने दुकान में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और गल्ले में रखे नकद रुपये लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर असामाजिक तत्वों ने दुकान के एक कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया।
कर्मचारी राकेश राय ने बताया कि वारदात से कुछ देर पहले ही उसे फोन पर गोली मारने की धमकी मिली थी, जिसकी शिकायत दर्ज कराने वह थाने गया हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने दुकान में घुसकर घटना को अंजाम दिया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, एक शराब माफिया गुट लंबे समय से दुकान संचालक को दुकान छोड़ने की धमकी दे रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।







