मध्य प्रदेशराज्य

चार शिक्षकों को नोटिस जारी : समय से पहले छुट्टी देकर चारों शिक्षक चले गए घर,सहायक संचालक को निरीक्षण के समय स्कूल में मिला ताला

Table of Contents

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के कुछ कर्मचारी अपने दायित्व का निर्वाहन सही तरीके से नही कर रहे हैं।जिनपर अंकुश लगाने का अधिकारी कर रहे हैं। जहां सरकारी स्कूलों के निरीक्षण पर निकले जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सहायक संचालक आर.पी. पाटिल को सिंगपुर के प्रायमरी स्कूल में समय से पहले ताला लटकता दिखाई दिया। उन्होंने स्कूल गेट पर पहुंचकर जांच पड़ताल की तो बताया गया कि यहां प्रधानपाठक सहित चार शिक्षक पढ़ाते हैं, लेकिन सभी ने तय समय 4.30 बजे से पहले ही छुट्टी कर दी और घर चले गए। यह स्थिति आए दिन नजर आती है। इस बात की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी एस.एस.कुमरे ने भी संबंधित प्रधानपाठक और शिक्षकों पर नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी किया है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शासकीय प्राथमिक शाला सिंगपुर के प्रभारी प्रधानपाठक कोमल प्रसाद अहिरवार, सहायक शिक्षक ख्याल सिंह बघेल, सहायक शिक्षक कमलसिंह मर्सकोले, प्राथमिक शिक्षक निर्मला बघेल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में दिया गया है। सहायक संचालक शिक्षा के औचक निरीक्षण के दौरान शाम 3.58 बजे स्कूल बंद पाया गया है, जो कि बेहद खेदजनक है। तय समय से पहले स्कूल बंद पाया जाना पदीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही एवं मनमानी को दर्शाता है। ऐसी स्थिति में इन सभी शिक्षकों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करने की चेतावनी दी है। यह भी कहा है कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों को स्वयं ही रूचि लेकर निष्ठा से अपने शिक्षकीय दायित्व निभाने की उम्मीद थी, लेकिन निरीक्षण के दौरान इसके विपरीत स्थिति पाई गई है, जो कि स्वीकार नहीं की जाएगी। इसलिए तीन दिन का अवैतनिक अवकाश मानते हुए निर्देशित किया गया है, कि उक्त लापरवाही के संबंध में अपना स्पष्टीकरण सात दिन के अंदर विकासखंड शिक्षा अधिकारी बरघाट के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा है। साथ ही सिंगपुर प्राथमिक शाला के संबंध में संकुल प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला को कहा है कि प्राथमिक शाला सिंगपुर के चारों शिक्षकों के तीन दिवस अवैतनिक अवकाश स्वीकृत कर जानकारी से अवगत कराने को कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button