भोपाल पुलिस ने अंतर-राज्यीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, लाखों के जेवरात और नकदी बरामद
भोपाल पुलिस ने अंतर-राज्यीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, लाखों के जेवरात और नकदी बरामद
भोपाल, यशभारत। राजधानी पुलिस ने अंतर-राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के जेवरात सहित लगभग 22 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। साथ ही, 24,000 नकद और चोरी की वारदातों में इस्तेमाल किए गए दो वाहन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी यशवंत रघुवंशी, भूपेंद्र साहू और अभिलाष विश्वकर्मा को विदिशा, कटारा हिल्स (भोपाल) और छिंदवाड़ा से हिरासत में लिया गया। गिरोह खाली और बंद पड़े घरों को निशाना बनाता था। पूछताछ में आरोपियों ने कोलार और कटारा हिल्स थाना क्षेत्रों में 4 चोरियों को कबूल किया है।
आरोपी चोरी के सोने-चांदी के जेवरात को मंडीदीप स्थित एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेते थे और इस पैसे को रियल एस्टेट में लगाते थे। पुलिस ने फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखे ₹40 लाख के सोने को भी फ्रीज कर दिया है।
बरामदी: सोने-चांदी के जेवर, नकदी, दो कार (हुंडई ऑरा और स्विफ्ट डिजायर) और ₹60 लाख के लेन-देन के रिकॉर्ड फ्रीज किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है और उनके खातों की जाँच की जा रही है, जिससे और भी चोरी की वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।







